सुवेंदु अधिकारी के PA की गोली मारकर हत्या

सुवेंदु अधिकारी के PA की गोली मारकर हत्या:10 राउंड फायरिंग, 2 गोलियां सीने के आर-पार, एक पेट में लगी; बिना नंबर प्लेट बाइक का इस्तेमाल

चंद्रनाथ रथ पिछले 5 साल से सुवेंदु अधिकारी के साथ थे। वे पहले एयरफोर्स में थे।

पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना स्थित मध्यमग्राम में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट (PA) चंद्रनाथ रथ (42 साल) की बुधवार रात 10.30 बजे गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के समय चंद्रनाथ कोलकाता से मध्यमग्राम स्थित अपने घर स्कॉर्पियो से लौट रहे थे।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह ड्राइविंग सीट के बगल में बैठे थे। उनके साथ ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति भी था। कोलकाता से करीब 20 किलोमीटर दूर डोलतला से मध्यमग्राम के बीच एक कार पीछे से आई और स्कॉर्पियो के सामने जाकर रास्ता रोक दिया।

फिर एक बाइक पर हमलावर आया और स्कॉर्पियो की बाईं तरफ से 6 से 10 राउंड फायरिंग की। चंद्रनाथ को 4 गोलियां लगीं। इनमें दो गोलियां सीने से आर-पार हो गईं। एक गोली पेट में लगी। ड्राइवर बुद्धदेब बेरा को भी गोली लगी।

घटना के बाद हमलावर कार छोड़कर बाइक से फरार हो गए। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चंद्रनाथ को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। ड्राइवर की हालत गंभीर है। भाजपा ने TMC पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है।

ग्लॉक 47X पिस्टल से फायरिंग, बिना नंबर प्लेट बाइक, 3 बड़े अपडेट्स…

फोरेंसिक जांच के शुरुआती इनपुट के मुताबिक, हमलावरों ने ग्लॉक 47X पिस्टल का इस्तेमाल किया था। इस तरह के मॉडर्न हथियार का इस्तेमाल कोई आम अपराधी नहीं करते। जिस तरह से हमला हुआ, उसे कोई प्रोफेशनल शूटर ही अंजाम दे सकता है।

बाइक सवार हमलावर हेलमेट पहने हुए था और बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी। पुलिस ने मौके से वह कार जब्त की है, जिससे स्कॉर्पियो का रास्ता रोका गया था। हालांकि, उस पर लगा नंबर प्लेट फर्जी निकला।

चंद्रनाथ रथ पर फायरिंग के करीब 1 घंटे बाद रात करीब 12.30 बजे बशीरहाट जिले में रोहित रॉय नाम के भाजपा कार्यकर्ता पर फायरिंग हुई। उनकी हालत गंभीर है। राज्य में 4 मई को चुनावी नतीजों के बाद अब तक 5 लोगों की हत्या हो चुकी है। इनमें 3 भाजपा और 2 TMC से जुड़े थे।

सुवेंदु अधिकारी बोले- 2-3 दिनों तक रेकी के बाद हुई हत्या

सुवेंदु अधिकारी ने PA की हत्या को प्लान्ड मर्डर बताया है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील की और कहा कि भाजपा बंगाल में गुंडों की सफाई का काम शुरू करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *